Parliament Winter Session 2024: सदन में इस समय शीतकालीन सत्र जारी है. इसी के साथ 26 जनवरी को संविधान निर्माण के 75 साल पूरे होने वाले हैं. ऐसे में शुक्रवार को लोकसभा में संविधान पर विशेष चर्चा की शुरुआत हुई थी. दूसरे दिन की चर्चा शुरू होते ही सदन का माहौल गरमा गया. लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संविधान पर अपना संबोधन दिया.
देश का अंगूठा काटने का लगाया आरोप
संविधान पर विशेष चर्चा के दौरान दूसरे दिन यानी शनिवार को राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब हम देश का संविधान को खोलते हैं, तो हम आंबेडकर, गांधी, नेहरू के विचारों को सुनते हैं. उन्होंने कहा कि यह विचार हमारी पुरातन संस्कृति और सभ्यता से जन्मे हैं. इस दौरान उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि भारतीय संविधान में सबसे बुरी बात यह है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है.
उन्होंने दावा किया कि इस बात का जिक्र एक नेता ने किया था. उन्होंने दावा किया कि यह शब्द वीर सावरकर के हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि जब BJP वाले संविधान पर संसद में बात करते हैं, तो वह वीर सावरकर को निराश करते हैं. उन्होंने एकलव्य की कहानी सुनाकर सत्तापक्ष पर करारा हमला बोला. उन्होंने जाति की बात करते हुए कहा कि जैसे द्रोणाचार्य ने एकलव्य का अंगूठा काटा, वैसे ही केंद्र की सरकार देश का अंगूठा काटने में लगी है.



